आवास को लेकर खूनी संघर्ष, नौ घायल
क्षेत्र के महावतगढ़ गांव में सोमवार की सुबह सरकारी आवास के विवाद लेकर ग्राम प्रधान समर्थकों और विरोधी के बीच भिड़ंत हो गई। दोनों पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में नौ लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बनी हुई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्रधान पति सहित सात नामजद व अज्ञात के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। घटना के बाद से आरोपी फरार हैं।
महावतगढ़ निवासी 55 वर्षीय लालचंद पुत्र रामरूप को सरकारी आवास आवंटित है। निर्माण के लिए उसे एक किस्त की राशि मिली है,जिससे उसका निर्माण पूरा नहीं हो सका। वह दूसरी किस्त के लिए प्रधान के घर चक्कर लगा रहा था। पिछले वर्ष बारिश में लालंचद का मकान गिर गया। इसके बाद वह पंचायत भवन में परिवार सहित रहने लगा। आवास के पैसा को लेकर रविवार की शाम विवाद हो गया था। इस बीच सोमवार को सुबह दोनों पक्षों के बीच भिड़ंत हो गई। एक पक्ष के लोग पंचायत भवन में रह रहे लालंचद व उसके परिवार को निकालने लगे। विरोध करने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी -डंडा से हमला कर दिया। हमले में लालचंद व उसके पुत्र 24 वर्षीय पंचदेव, 17 वर्षीय आदित्य तथा पुत्री 19 वर्षीया खुश्बु के साथ ही 60 वर्षीय मुराली पुत्र बनवारी, 25 वर्षीय चंद्रमा पुत्र बनवारी, 28 वर्षीय शिवराज पुत्र चंद्रभान, 10 वर्षीया अंजनी पुत्री प्रहलाद घायल हो गए। पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हुआ। पुलिस घायलों लेकर सीसएचसी अजमतगढ़ में भर्ती कराई। डॉक्टर ने लालंचद उसके पुत्र पंचदेव की हातल गंभीर देख रेफर कर दिया।
जीयनपुर कोतवाली प्रभारी गजानन्द चौबे ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर प्रधान पति पतिराम चौहान पुत्र शंकर सहित सात नामजद व अज्ञात के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।